बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: थाना चकरभाठा क्षेत्र में जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार, नकदी व सामग्री जब्त
बिलासपुर, छत्तीसगढ़:कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर जिले की थाना चकरभाठा पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत इन्द्रपुरी, हिर्रि माइंस के पास कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरभाठा पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर जुआ खेल रहे 04 संदेहियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 1. तोरण कुमार (उम्र 33 वर्ष), 2. रूपेश निषाद (उम्र 27 वर्ष), 3. प्रदीप कुमार सहिस (उम्र 28 वर्ष) और 4. अखिल ध्रुव (उम्र 35 वर्ष)—सभी निवासी हिर्रि माइंस, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के फड़ और उनके पास से कुल 1,870 रुपये नगद, 52 ताश की पत्तियां और जुआ खेलने में प्रयुक्त प्लास्टिक की चटाई जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून का राज कायम रहे।



