पुलिस महानिदेशक द्वारा नवीन पुलिस भवनों एवं ई-मालखानों का लोकार्पण
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री अरुण देव गौतम द्वारा रतनपुर थाना निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग की आधारभूत संरचना को सुदृढ़, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न नवीन भवनों एवं ई-मालखानों का लोकार्पण किया गया।
लोकार्पित नवीन सुविधाएं एवं भवन:
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) कार्यालय: सिविल लाइन स्थित नवीन भवन का लोकार्पण।
थाना पचपेड़ी: नवीन थाना भवन एवं ई-मालखाना।
थाना रतनपुर: आधुनिक ई-मालखाना।
इन नवीन सुविधाओं के प्रारंभ होने से पुलिस कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सुगमता होगी। ई-मालखाना प्रणाली से जब्त सामग्रियों एवं अभिलेखों का सुरक्षित, व्यवस्थित और तकनीक-आधारित पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित होगा।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIP/SSP) श्री रजनेश सिंह के निरंतर प्रयासों से जिले में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। इसके तहत एसपी कार्यालय, रक्षित केंद्र, केन्दा चौकी, IUCAW कार्यालय तथा आवासीय भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण/प्रक्रियाधीन है। पुलिस महानिदेशक महोदय ने जिला पुलिस को आगे भी आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (बिलासपुर रेंज) श्री राम गोपाल गर्ग, उप पुलिस महानिरीक्षक व एसएसपी श्री रजनेश सिंह, एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय, पुलिस स्टाफ एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



