बिलासपुर: मस्तुरी क्षेत्र में जमीन बंटवारे के नाम पर 25,000 रुपये की घूस लेते पटवारी / घूसखोरी उजागर
बिलासपुर,जिले के मस्तुरी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत लोहरसी (हल्का नंबर 14, ग्राम पंचायत लोहरसी-सोन) में प्रशासनिक भ्रष्टाचार का एक नया मामला सामने आया है। यहाँ पदस्थ पटवारी ऋषि गोस्वामी पर किसानों से जमीन के बंटवारे जैसे जरूरी और शासकीय कार्यों के एवज में खुलेआम रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी ऋषि गोस्वामी द्वारा एक स्थानीय किसान से जमीन के आपसी बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुल 50,000 रुपये की अवैध मांग की गई थी। पीड़ित किसान और पटवारी के बीच इस राशि को लेकर हुई बातचीत के बाद, पहली किस्त के रूप में 25,000 रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए पटवारी का मामला उजागर हुआ है। इस घटना से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्के में छोटे-छोटे राजस्व कार्यों, नामांतरण और बंटवारे के लिए भी आम जनता को लगातार परेशान किया जा रहा है और बिना सुविधा शुल्क दिए कोई फाईल आगे नहीं बढ़ाई जाती। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से तत्काल प्रभाव से भ्रष्ट पटवारी को निलंबित करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की माँग की है।



