दीपावली पर्व के मद्देनजर सराफा व्यापारियों की सुरक्षा बैठक आयोजित।
आगामी दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों के दृष्टिगत, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली कांकेर द्वारा सराफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा चोरी, लूट व अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम करना है।
बैठक में व्यापारियों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए:


सभी कर्मचारियों के पैन कार्ड और पूर्ण पते का सत्यापन कर रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे, सायरन और अलार्म सिस्टम को दुरुस्त व क्रियाशील रखें।
दुकान खोलते व बंद करते समय विशेष सावधानी बरतें। अधिक नकदी दुकान में न रखकर सुरक्षित लॉकर का उपयोग करें।
ऑनलाइन भुगतान के दौरान फर्जी स्क्रीनशॉट और यूपीआई फ्रॉड से बचने के लिए राशि बैंक खाते में आने के बाद ही पुष्टि करें।
संदिग्ध गतिविधियों या चोरी के आभूषण बेचने के प्रयास की सूचना तुरंत पुलिस को दें। समन्वय हेतु एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है।
कांकेर पुलिस ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता बरतें ताकि पर्व शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न हो सके।





