
चेकलिस्ट लेकर धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे प्रभारी सचिव, चार केंद्रों का किया निरीक्षण
रिपोर्टर अश्वनी यादव मो.9617596000
बिलासपुर/मस्तुरी। धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ बुधवार को मस्तूरी विकासखंड के किरारी, टिकारी, मल्हार और धुर्वाकारी धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने चेकलिस्ट के आधार पर खरीदी की तैयारियों, तौल व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल भी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने।
किरारी केंद्र में उन्होंने किसान जनकराम साहू के धान की तौल और नमी मापने की प्रक्रिया देखी। किसान करीब 10 क्विंटल धान लेकर पहुंचे थे। समिति में कुल 1,166 किसान पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अब तक लगभग दो प्रतिशत धान की कटाई हुई है। सरना धान का रकबा अधिक होने के कारण फिलहाल आवक कम है, जबकि दिसंबर के प्रथम सप्ताह से खरीदी में तेजी आने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने सभी केंद्रों में तौल मशीनों की नियमित जांच, सीसीटीवी कैमरे, छाया, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा किरारी समिति के जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई करने को कहा। साथ ही धान की व्यवस्थित स्टैकिंग करने के निर्देश दिए, ताकि भौतिक सत्यापन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि इस बार डीओ प्रक्रिया खरीदी समाप्त होने के बाद 15 जनवरी के पश्चात होगी।
किसानों ने बताया कि धान बेचने के दूसरे दिन ही भुगतान मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है। वहीं 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल तक आदान सहायता मिलने के फैसले की सराहना की। अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन दिनों में करीब 500 किसानों ने 13,500 क्विंटल धान बेचा है, जिसकी कीमत लगभग 4.25 करोड़ रुपये है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, एसडीएम बजरंग वर्मा, नोडल अधिकारी आशीष दुबे एवं जिला विपणन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







