मरीज-केंद्रित उपचार में टीमवर्क की अहम भूमिका, शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय में ‘प्रारंभ–2026’ का शुभारंभ
रिपोर्टर अश्वनी यादव मो:9617596000

बिलासपुर। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर में नवप्रवेशित बीपीटी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ का शुभारंभ बुधवार को सिम्स में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, व्यावसायिक नैतिकता और मरीजों के उपचार में उनकी जिम्मेदारी से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रामणेश मूर्ति ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में फिजियोथेरेपी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। मरीजों के उपचार, पुनर्वास और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण, निरंतर अध्ययन और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने व्यावसायिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सिम्स अधिष्ठाता एवं विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अनुभवी चिकित्सकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम के पहले दिन मल्टीडिसिप्लिनरी टीम अप्रोच विषय पर कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि मरीज का बेहतर उपचार चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और पोषण विशेषज्ञ सहित विभिन्न स्वास्थ्य पेशेवरों के आपसी समन्वय से संभव होता है। कैंसर के उपचार के बाद मरीजों को होने वाली कमजोरी, थकान, दर्द, जोड़ों में जकड़न और शारीरिक गतिविधियों की परेशानी को दूर करने में फिजियोथेरेपी की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के बीच बेहतर संवाद और टीमवर्क ही सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित उपचार का आधार है।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. शिक्षा जांगड़े, बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. विभा टंडन, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा बरापात्रे, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता ठाकुर, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सागरिका प्रधान एवं डॉ. अंजू जॉय, नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण महिलांगे सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। छह दिवसीय कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा फिजियोथेरेपी प्रोफेशन, नियामक संस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी।






