बस्तर संभाग ब्युरो चिप राहुल खटवानी
एसीबी की बड़ी कार्रवाई: ई-वे बिल मामले में ट्रक छोड़ने के नाम पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते जीएसटी अधिकारी व सीए गिरफ्तार
नाली में फेंका गया नोटों का बंडल, आय से अधिक संपत्ति की आशंका पर निवास की तलाशी जारी
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जीएसटी (GST) अधिकारी और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक कारोबारी के रोके गए ट्रक को छोड़ने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने की एवज में की गई रिश्वत की मांग से जुड़े मामले में की गई है। कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम को देखते ही नोटों का बंडल नाली में फेंके जाने जैसी नाटकीय स्थिति भी सामने आई, जिसे टीम ने सुरक्षित बरामद कर लिया।



क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला संजय नगर निवासी कारोबारी सोहेब रंगरेज की शिकायत से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता सोहेब रंगरेज के अनुसार, ई-वे बिल (E-Way Bill) से संबंधित एक मामले में उनका ट्रक रोका गया था। इस ट्रक को छुड़वाने तथा संबंधित जीएसटी प्रकरण में राहत प्रदान करने के बदले संबंधित जीएसटी अधिकारी द्वारा 1,50,000 रुपये (डेढ़ लाख रुपये) की रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता को यह रिश्वत की रकम सीए इमरान मेमन के माध्यम से देने के लिए कहा गया था। सोहेब रंगरेज के मुताबिक, रिश्वत की मांग पूरी नहीं करने पर उनके विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने की धमकी भी दी जा रही थी।
साक्ष्यों के आधार पर एसीबी ने बिछाया जाल
परेशान होकर कारोबारी सोहेब रंगरेज ने रिश्वत मांगे जाने से जुड़े ठोस साक्ष्यों के साथ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन किए जाने तथा आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया।
योजना के तहत शनिवार को एसीबी की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने दबिश दी और रिश्वत की राशि के लेन-देन के दौरान जीएसटी अधिकारी तथा सीए इमरान मेमन को धर दबोचा। बताया जा रहा है कि एसीबी टीम की मौजूदगी और दबिश की भनक लगते ही रिश्वत के नोटों का बंडल नाली में फेंक दिया गया, जिसे एसीबी टीम ने तत्परता दिखाते हुए बरामद किया और आगे की विधिसंगत कार्रवाई के लिए जब्त किया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसीबी के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि आरोपी सहायक आयुक्त (जीएसटी अधिकारी) के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा सीए इमरान मेमन के विरुद्ध धारा 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति के संदेह में तलाशी
डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए अधिकारी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति होने के संदेह में भी तलाशी ली जा रही है। एसीबी की टीम द्वारा घर के विभिन्न हिस्सों, दस्तावेजों, बैंक विवरणों और अन्य संभावित संपत्तियों से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी अधिकारी ने अपने सेवाकाल में वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है या नहीं।
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई भी लोक सेवक या मध्यस्थ किसी वैध कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो बिना किसी संकोच के साक्ष्यों सहित एसीबी को सूचित करें।





