गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर विधायक आशाराम नेताम ने दी प्रदेश व क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई
कांकेर। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें पावन प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के शुभ अवसर पर कांकेर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री आशाराम नेताम ने समस्त क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और विशेष रूप से सिख समाज के भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अपने शुभकामना संदेश में विधायक श्री नेताम ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने समाज को सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और आपसी भाईचारे का जो मार्ग दिखाया है, वह आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और कुरीतियों को समाप्त कर समानता और सेवा भाव की स्थापना की। उनका ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ (ईमानदारी से परिश्रम करो, ईश्वर का स्मरण करो और मिल-बाँटकर खाओ) का सिद्धांत हमें एक आदर्श, सभ्य और समरस समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।

विधायक श्री आशाराम नेताम ने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी द्वारा शुरू की गई लंगर प्रथा सामाजिक समरसता और निःस्वार्थ सेवा की अद्भुत मिसाल है, जहाँ बिना किसी भेदभाव के सभी एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह परंपरा हमें सिखाती है कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
इस पावन अवसर पर विधायक ने गुरु महाराज के चरणों में नमन करते हुए प्रार्थना की कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमारे जीवन में सदैव ज्ञान का प्रकाश फैलाती रहें और पूरे कांकेर विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ में सुख, शांति, समृद्धि एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से गुरु नानक देव जी के बताए आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।





