बिलासपुर / रायपुर। बिलासपुर जिला मुख्यालय के समीप ग्राम सेमरताल निवासी रामअवतार साहू को नव भारत किसान संघ का छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति किसानों के हितों और उनके प्रति समर्पण की भावना को देखते हुए की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामअवतार साहू सरकारी कृषि विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद से ही समाज और देश सेवा के कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। कृषि क्षेत्र में उनके अनुभव और किसानों के प्रति सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामअवतार साहू को मिशन न्यू इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक रवि चाणक्य की अनुशंसा पर तथा छत्तीसगढ़ प्रभारी डोमार सिंह एवं छत्तीसगढ़ मिशन न्यू इंडिया के उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू के नेतृत्व में नव भारत किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है।
इस नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष नरसिंग साहू ने भी अपनी सहमति व राय व्यक्त करते हुए कहा कि रामवतार साहू का कृषि विभाग का लंबा अनुभव और किसानों के प्रति समर्पण संगठन को प्रदेश स्तर पर नई मजबूती प्रदान करेगा, जिससे किसानों की समस्याओं के समाधान में गति आएगी। वहीं, छत्तीसगढ़ मिशन न्यू इंडिया के उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू ने भी अपनी ओर से हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के किसानों को एक सशक्त मंच और नई दिशा मिलेगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार साहू की इस उपलब्धि पर संगठन के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है तथा उनके सफल, ऊर्जावान और किसान हितैषी कार्यकाल की कामना की है।





