डॉ. कालीचरण यादव के सम्मान में सिलपहरी यादव समाज का बड़ा निर्णय, इस वर्ष पूरे जिले में राउत नाच महोत्सव एवं प्रतियोगिताओं से रहेगा दूर
टीकाराम यादव की अगुवाई में समाज का सर्वसम्मत फैसला, शोक स्वरूप राउत बाजा को भी दिया छुट्टी
सिलपहरी। यादव समाज के गौरव, राउत नाच महोत्सव समिति बिलासपुर के संयोजक एवं समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी के आकस्मिक निधन से संपूर्ण यादव समाज शोकाकुल है। उनके निधन से समाज को हुई अपूरणीय क्षति के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट करते हुए ग्राम सिलपहरी यादव समाज ने एक ऐतिहासिक एवं भावनात्मक निर्णय लिया है। समाज ने इस वर्ष पूरे बिलासपुर जिले में आयोजित होने वाले किसी भी राउत नाच महोत्सव एवं प्रतियोगिता में भाग नहीं लेने का निर्णय लिया है।
यह महत्वपूर्ण निर्णय ग्राम सरपंच एवं जिला अध्यक्ष देशहा यादव समाज बिलासपुर टीकाराम यादव के नेतृत्व एवं अगुवाई में आयोजित समाज की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में टीकाराम यादव ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. कालीचरण यादव जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे यादव समाज की पहचान, गौरव और प्रेरणास्रोत थे। राउत नाच की परंपरा को आगे बढ़ाने तथा समाज को एकजुट रखने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका अचानक चले जाना समाज के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
टीकाराम यादव ने कहा कि समाज के पुरोधा के निधन के बाद इस वर्ष उत्सव और प्रतियोगिताओं में शामिल होना उचित नहीं होगा। उनके प्रति सम्मान और सच्ची श्रद्धांजलि व्यक्त करने के लिए सिलपहरी यादव समाज ने सामूहिक रूप से पूरे जिले में आयोजित राउत नाच महोत्सव एवं प्रतियोगिताओं से दूर रहने का निर्णय लिया है। इसी निर्णय के सम्मान में समाज के राउत नाच दल ने अपने राउत बाजा को भी इस वर्ष के लिए विराम दे दिया है।
बैठक में उपस्थित समाज के सभी सदस्यों ने दिवंगत डॉ. कालीचरण यादव जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान, मार्गदर्शन एवं राउत नाच परंपरा के प्रति समर्पण को याद किया। समाज के लोगों ने कहा कि उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष टीकाराम यादव, ग्राम यादव समाज अध्यक्ष दीपक यादव, राउत नाच गोल दल प्रमुख छहुरा यादव, पूर्व गोल दल प्रमुख ऊदल यादव, ग्राम यादव समाज कोषाध्यक्ष दिलीप यादव, सचिव शिवलाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समाज ने एक स्वर में कहा कि डॉ. कालीचरण यादव जी की स्मृतियां सदैव हमारे दिलों में जीवित रहेंगी। उनके सम्मान में लिया गया यह निर्णय उनके प्रति समाज की एकजुटता, श्रद्धा और आत्मीय संवेदना का प्रतीक है।
ॐ शांति। भावभीनी श्रद्धांजलि।





