
रिपोर्टर — सुरज पुरेना
बिलासपुर / सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 22 वर्षीय राजा गोड़ नामक बंदी रविवार को जेल की 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। वह मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव का निवासी है और 3 मई को चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ था।

मिली जानकारी के मुताबिक, राजा गोड़ जेल अस्पताल वार्ड में भर्ती था। इसी दौरान उसने पहले अस्पताल परिसर की छोटी दीवार पार की और फिर मुख्य सुरक्षा दीवार को पार करते हुए फरार हो गया। खास बात यह है कि जिस दीवार पर 11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ता है, उसी दीवार को पार कर उसने भागने की हिम्मत दिखाई, जिससे जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ड्यूटी पर तैनात प्रहरी रोशन साहू ने बंदी को भागते देखा और तुरंत अलर्ट किया, लेकिन तब तक राजा जेल परिसर से बाहर निकल चुका था। फरार होने के बाद वह अपने गांव बैमा पहुंचा, जहां उसकी हालत देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 112 की टीम मौके पर पहुंची और राजा को दोबारा गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सवाल यही है कि हाई-वोल्टेज सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आखिर कैसे कैदी भाग निकला? लापरवाही हुई या कोई साजिश? जांच जारी है।