इमलीपारा के रिहायशी इलाके में संचालित थोक जूता दुकान से सुरक्षा का खतरा, शीघ्र कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। इमलीपारा स्थित संकरी गली के रिहायशी क्षेत्र में पिछले लगभग 10 वर्षों से संचालित एक थोक जूता दुकान को लेकर स्थानीय निवासियों ने भारी चिंता व्यक्त की है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में आवासीय मकानों के साथ कई छात्र हॉस्टल भी स्थित हैं।
व्यापारिक स्थल पर जूते-चप्पल और पैकेजिंग सामग्री जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों का भारी मात्रा में भंडारण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गंभीर आगजनी का खतरा मंडरा रहा है। गली अत्यंत संकरी होने के कारण किसी भी संभावित आपात स्थिति में दमकल वाहन (फायर ब्रिगेड) और अन्य राहत सेवाओं का पहुँचना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर सीधा संकट बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं अग्निशमन विभाग से पुरजोर मांग की है कि स्थल का तत्काल भौतिक निरीक्षण किया जाए। व्यावसायिक संचालन, अग्नि सुरक्षा उपायों, भंडारण क्षमता और संबंधित प्रशासनिक नियमों की गहनता से जांच की जाए।
यदि जांच में किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाया जाता है, तो किसी अप्रिय घटना से पहले जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई शीघ्र की जाए।





