
रिपोर्टर — सुरज पुरेना
Bilaspur/ ग्राम पंचायत अमसेना की महिला स्व सहायता समूहों ने एक गंभीर शिकायत पंचायत प्रशासन को सौंपी है। शिकायत में बताया गया है कि गौठान के लिए सुरक्षित भूमि, जिस पर कचरा संग्रहण, कम्पोस्ट खाद निर्माण और सब्जी-भाजी की खेती के माध्यम से समूह की आजीविका और महिला सशक्तिकरण की योजना बनाई गई थी, उस भूमि पर ग्राम के ही निवासी देवेंद्र उर्फ सूरज कौशिक द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।
महिलाओं का आरोप है कि उक्त भूमि पूर्व में भी शासन द्वारा अवैध कब्जे से मुक्त कराकर गौठान के उपयोग हेतु सुरक्षित की गई थी। अब पुनः कब्जा किया जाना ग्राम के विकास और महिलाओं की आजीविका योजनाओं के लिए बाधा है।

साथ ही, सूर्या स्व सहायता समूह की ओर से यह भी मांग की गई है कि गौठान के पास स्थित चारागाह भूमि पर फूल-पौधे लगाने व अन्य आजीविका गतिविधियों हेतु उन्हें ग्राम पंचायत की ओर से आधिकारिक अनुमति दी जाए। समूह की ओर से सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया है।
समूह की महिलाओं ने सरपंच और सचिव से इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर अवैध कब्जा हटवाने और विकास कार्यों में सहयोग की अपील की है। महिलाएं उम्मीद कर रही हैं कि शासन और पंचायत की मदद से उन्हें न्याय और रोजगार का अवसर मिलेगा।