
रिपोर्टर — सुरज पुरेना
बिलासपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों को गुणवत्ता युक्त खाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर के नेतृत्व में एक विशेष उड़नदस्ता दल गठित कर विकासखण्ड कोटा एवं बिल्हा के विभिन्न कृषि केन्द्रों में औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आधा दर्जन से अधिक खाद दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं। मेसर्स उन्नत कृषि केन्द्र, रतनपुर में बिना बिल के उर्वरक विक्रय करते पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। मेसर्स शेखर कृषि केन्द्र, कोनचरा को बिना आई.एफ.एम.एस आईडी के विक्रय करते पाए जाने पर उसका स्टॉक जब्त कर विक्रय प्रतिबंधित किया गया एवं नोटिस दिया गया। वहीं ग्राम कोनचरा स्थित अतुल कृषि केन्द्र का गोदाम अनियमितताओं के चलते सील कर दिया गया।

ग्राम मदनपुर (विकासखण्ड बिल्हा) में संचालित मेसर्स राघवेन्द्र देवांगन कृषि केन्द्र पर मूल्य सूची, स्कंध सूची का प्रदर्शन न करने, स्टॉक व वितरण रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया और स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसी प्रकार, तखतपुर स्थित किसान सेवा केन्द्र के विरुद्ध भी गंभीर अनियमितताओं पर जवाब तलब किया गया था, पर संतोषजनक उत्तर न मिलने के कारण अनुज्ञप्ति 15 दिनों के लिए निलंबित कर दी गई है।

सभी कृषि केन्द्रों को सात दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समयसीमा में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में उप संचालक पी.डी. हथेश्वर, सहायक संचालक अनिल कुमार शुक्ला, खेमराज शर्मा, विजय धीरज, दिलीप रात्रे, मारू एवं आर.जी. भानू शामिल रहे।
जिले के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को बिना पॉस मशीन खाद विक्रय न करने का निर्देश जारी किया गया है। पॉस मशीन हेतु संबंधित विक्रेता कार्यालय उप संचालक कृषि, विकास अधिकारी या संबंधित निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।