बिलासपुर क्राइम न्यूज़: थाना परिसर में भिड़े दो गुट, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अमित पवार जिला क्राइम रिपोर्टर,
कोटा/बिलासपुर:थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो पक्षों पर कोटा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मामला 2 फरवरी 2026 का है, जहाँ आपसी विवाद की शिकायत लेकर आए दो पड़ोसी—संतोष मिश्रा उर्फ छोटू महाराज और रामसोनी—थाना परिसर के भीतर ही एक-दूसरे से भिड़ गए।
थाने के भीतर हंगामा और बदतमीजी
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष अपने समर्थकों और परिवार के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे। थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ ने दोनों पक्षों को शांत रहने और समझाइश देने की बार-बार कोशिश की, लेकिन समर्थकों की मौजूदगी में दोनों पक्ष उग्र हो गए। थाने के भीतर ही गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी गई, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और थाने का दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
पुलिस प्रशासन ने इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए हंगामा करने वाले दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध क्रमांक 93/26 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 221, और 194(1) के तहत कठोर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही भविष्य में शांति भंग न हो, इसके लिए पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर (Bound Over) की प्रक्रिया भी पूरी की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कड़ा संदेश
इस मामले पर उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, श्री रजनेश सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि— “थाना लोगों के विवाद निपटाने की जगह है, विवाद करने की नहीं।” उन्होंने साफ किया है कि थाने जैसे संवेदनशील स्थान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने या अमर्यादित व्यवहार करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस इसी तरह सख्त से सख्त रुख अपनाएगी।



