अवैध शराब के ठिकाने पर सीपत पुलिस का धावा, 110 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
रिपोर्ट: अमित पवार क्राइम रिपोर्टर
सीपत। बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे ‘चेतना’ नशा मुक्ति अभियान के तहत सीपत पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर एक और बड़ी चोट की है। ग्राम खांडा में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब जब्त की है और मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह के सख्त निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खांडा में चोरी-छिपे कच्ची शराब बनाने और बेचने का काम चल रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत की टीम ने तत्काल गांव में रेड की। वहां अंजनी सिदार (पति राजेश सिदार, उम्र 25 वर्ष) को पुलिस ने रंगे हाथ अवैध महुआ शराब तैयार करते हुए पकड़ा।
22 हजार की शराब और बर्तन जब्त
पुलिस ने मौके से कुल 110 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 22,000 रुपये आंकी गई है। शराब के साथ-साथ पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन, पाइप लगा हुआ एल्युमिनियम कोपरा और छोटे-बड़े डेचकी भी जब्त किए हैं।
भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) और 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।



