अवैध शराब के खिलाफ सीपत पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 36 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
सीपत/बिलासपुर: बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘चेतना’ अभियान के तहत सीपत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बाजार पारा क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर रेड
जानकारी के मुताबिक, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह द्वारा जिले में अवैध नशे के विरुद्ध सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसी कड़ी में 5 फरवरी को सीपत पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बाजार पारा में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना सीपत की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड की कार्रवाई की। मौके पर आरोपी बिजय वर्मा (22 वर्ष) को शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
भारी मात्रा में शराब और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
36 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 10,800 रुपये)
शराब बनाने के बर्तन (02 नग बड़े एल्युमिनियम डेचके)
पाइप लगा हुआ स्टील का कोपरा और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
सीपत पुलिस ने आरोपी बिजय वर्मा के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



