बिलासपुर के अम्हा तालाब में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव
बिलासपुर | सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई स्थित अम्हा तालाब में रविवार को एक हृदय-विदारक हादसा हो गया। यहाँ अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने आए दो युवकों की तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु चहाण्डे (21 वर्ष, निवासी बंधवापारा) और शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष, निवासी देवरी खुर्द) के रूप में हुई है।

घटना के अनुसार, सात दोस्तों का समूह तालाब किनारे पिकनिक मनाने पहुँचा था। नहाने के दौरान हिमांशु और शिवम गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। इलाका सुनसान और नेटवर्क विहीन होने के कारण रेस्क्यू टीम को लोकेशन ट्रेस करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग डेढ़ घंटे के सघन ऑपरेशन के बाद दोनों के शवों को बरामद किया गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


