बिलासपुर (चकरभाठा): विकलांग युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
चकरभाठा / बिलासपुर:थाना चकरभाठा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बोड़सरा में एक अत्यंत संवेदनशील और निंदनीय मामला सामने आया है। यहाँ एक विकलांग युवती को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी को चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जान से मारने की दी थी धमकी:
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी बोध सागर कोशले ने थाना चकरभाठा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी माखन लाल धृतलहरे (उम्र 55 वर्ष) निवासी ग्राम बोड़सरा उनके घर के अंदर घुस आया। आरोपी ने घर में अकेली विकलांग युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसी दौरान प्रार्थी की दूसरी बेटी ने मौके पर आरोपी को देख लिया, जिसके बाद आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चकरभाठा में तुरंत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए फरार होने की फिराक में घूम रहे आरोपी माखन लाल धृतलहरे को घेराबंदी कर धर दबोचा।
थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 351(3) और 64(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मुस्तैदी का संदेश गया है।


