माँ महामाया के दरबार में ध्वजा अर्पण के साथ पूर्ण हुई विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली बेलतरा की ध्वजा यात्रा

171 किलोमीटर पैदल चलकर विधायक सुशांत ने पूरी की यात्रा
सप्तमी पर ढोल-ताशों की गूँज, शिव तांडव और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने मन मोहा

जगह जगह हुआ भव्य स्वागत,विधायक भावना बोहरा हुई शामिल
बिलासपुर, 17 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में विगत सात दिनों से जारी 171 किमी की भव्य धार्मिक ध्वजा यात्रा का शनिवार को सप्तमी के पावन अवसर पर माँ महामाया मंदिर, रतनपुर में विधिवत ध्वजा अर्पण के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में ऐतिहासिक समापन हुआ। सात दिनों तक चली इस यात्रा ने गाँव-गाँव में माँ महामाया के जयकारों, सनातन संस्कृति के गौरव और सामाजिक समरसता का अनुपम संदेश दिया।
अंतिम दिवस की यात्रा रानीगांव से प्रारंभ हुई। सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। भगवा ध्वजों, ढोल-ताशों की गूँज और माँ महामाया के गगनभेदी जयकारों के बीच यात्रा मदनपुर से होते हुए सिद्धि विनायक मंदिर पहुची। विभिन्न स्थानों पर ग्रामवासियों, सामाजिक संगठनों, मातृशक्ति, युवाओं और समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा, पूजा-अर्चना एवं आत्मीय स्वागत के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
अंतिम दिवस की यात्रा में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति और सनातन परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। ढोल-ताशों की ऊर्जावान धुन, शिव तांडव की प्रभावशाली प्रस्तुति और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। धार्मिक प्रस्तुतियों और जयकारों के बीच आगे बढ़ती यात्रा ने पूरे मार्ग को भक्तिमय उत्सव में बदल दिया।
सिद्धि विनायक मंदिर के पास भव्य स्वागत, हजारों श्रद्धालुओं के साथ रतनपुर के लिए रवाना हुई यात्रा
अंतिम दिवस का प्रमुख आकर्षण सिद्धि विनायक मंदिर के पास आयोजित भव्य स्वागत समारोह रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री लव कुश कश्यप एवं मंडल अध्यक्ष श्री बबलू कश्यप के नेतृत्व में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा और जय माँ महामाया के जयकारों के साथ विधायक श्री सुशांत शुक्ला एवं यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
स्वागत स्थल पर धार्मिक उत्साह और जनसहभागिता का विशेष दृश्य देखने को मिला। इसके पश्चात विधायक श्री सुशांत शुक्ला के साथ हजारों श्रद्धालुओं का विशाल कारवाँ माँ महामाया मंदिर, रतनपुर के लिए रवाना हुआ। ढोल-ताशों की गूँज, शिव तांडव की प्रस्तुति, राधा-कृष्ण की झांकियों और गगनभेदी जयकारों के बीच यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ती रही।
इस दौरान पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। हजारों श्रद्धालुओं के साथ आगे बढ़ती यात्रा में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
माँ महामाया के दरबार में विधिवत ध्वजा अर्पण, सात दिवसीय यात्रा का भव्य समापन
हजारों श्रद्धालुओं के साथ यात्रा माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँची, जहाँ माता के जयकारों और श्रद्धाभाव के बीच विधि-विधान से पावन ध्वजा अर्पित की गई। इसके साथ ही बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सात दिनों से निरंतर चल रही भव्य ध्वजा यात्रा माँ महामाया के चरणों में समर्पित होकर संपन्न हुई।
ध्वजा अर्पण का पावन क्षण पूरी यात्रा का आध्यात्मिक चरम रहा। श्रद्धालुओं ने माँ महामाया के दर्शन कर बेलतरा विधानसभा सहित समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। सात दिनों तक गाँव-गाँव में उमड़ी श्रद्धा और जनसहभागिता अंतिम पड़ाव पर माँ के दरबार में एक साथ समर्पित हुई।
इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने माँ महामाया की कृपा और बेलतरा की जनता के अपार स्नेह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि यह पावन ध्वजा यात्रा हर वर्ष इसी श्रद्धा, भव्यता और सामाजिक समरसता के साथ निकाली जाएगी।
सात दिनों तक गाँव-गाँव में गूँजा माँ महामाया का जयकारा
विधायक श्री सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली यह ध्वजा यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनआस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता का व्यापक उत्सव बनकर सामने आई। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से जुड़ी इस यात्रा ने विभिन्न गाँवों और समाजों को माँ महामाया की भक्ति के सूत्र में पिरोया।
पहले दिन श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से यात्रा का शुभारंभ हुआ। नवागांव, ओछिनापारा चौक, खैरखुंडी, सरवन देवरी, लखराम, गड़वत, बाम्हू और टेकर तक श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी यात्रा में सहभागी बने। सरवंनदेवरी में ढोल-मांदर की पारंपरिक थाप और लखराम में सामाजिक प्रतिनिधियों के स्वागत ने यात्रा को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
दूसरे दिन टेकर से गिधौरी, नेवसा, जाली, बेलतरा, सलका, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा, बसहा, गोपालपुर, पांडेयपुर और भिल्मी होते हुए यात्रा भादी पहुँची। आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में जसगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जनजातीय संस्कृति एवं सनातन आस्था के सुंदर संगम को प्रदर्शित किया।
तीसरे दिन खैरा (ड), डंगनिया, सेलर, मोहरा, उरतुम, परसाही, डबरीपारा और उरैहापारा होते हुए यात्रा नगोई पहुँची। यहाँ माँ वैष्णो देवी मंदिर के समीप आयोजित भक्तिमय जगराते ने वातावरण को देर रात तक भक्तिरस से सराबोर रखा।
चौथे दिन नगौई से बैमा, खपराखोल, धुरीपारा, माँ कोसगई, परसदा, सेमरा, सेमरी, भरारी और जलसो होते हुए यात्रा सेमरतल पहुँची। खपराखोल में धुरी समाज के सामुदायिक भवन के लिए विधायक निधि से स्वीकृत ₹20 लाख के कार्य का भूमिपूजन किया गया।
पाँचवें दिन सेमरतल से गतौरी, भदोरियाखार, रमतला, सेंदरी और कछार होते हुए यात्रा लोफंदी पहुँची। गतौरी में जेसीबी से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भदोरियाखार में परम पूज्य गुरु घासीदास जी जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) अर्पित की गई। रमतला में बच्चों और महिलाओं की झांकियों के बीच युवाओं ने विधायक श्री सुशांत शुक्ला का लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया। सेंदरी में माता सेंदुरा के प्रति श्रद्धा ध्वजा अर्पित की गई।
छठवें दिन लोफंदी से लछनपुर,पेंडरवा और गोंदईया होते हुए यात्रा रानीगांव पहुँची। लखनपुर में विधायक निधि से स्वीकृत ₹10 लाख की लागत से बसीन पाट की बाउंड्रीवॉल का लोकार्पण किया गया। गोंदईया में रंगोली, अल्पना, जसगीत और पारंपरिक स्वागत के पश्चात रानीगांव में माता के जगराते के साथ श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में रात्रि व्यतीत की।
सातवें और अंतिम दिन रानीगांव से मदनपुर, भरवीडीह तथा विभिन्न स्वागत स्थलों से होते हुए यात्रा सिद्धि विनायक मंदिर पहुँची। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री लव कुश कश्यप एवं मंडल अध्यक्ष श्री बबलू कश्यप के नेतृत्व में यहाँ भव्य स्वागत हुआ। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं के साथ यात्रा माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँची और विधिवत ध्वजा अर्पण के साथ सात दिवसीय धार्मिक यात्रा का ऐतिहासिक समापन हुआ।
विधायक सुशांत शुक्ला ने भावुक होकर जताया बेलतरा की जनता का आभार, हर वर्ष यात्रा निकालने का लिया संकल्प
ध्वजा यात्रा के सफल समापन पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने भावुक वक्तव्य देते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि माँ महामाया के प्रति अटूट आस्था और बेलतरा परिवार के साथ उनके आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा, “माँ महामाया की असीम कृपा से सात दिनों तक चली यह पावन ध्वजा यात्रा आज सफलतापूर्वक पूर्ण हुई है। इस पूरे आयोजन के दौरान बेलतरा विधानसभा के गाँव-गाँव में मुझे और हमारी पूरी यात्रा को जो प्यार, सम्मान, आशीर्वाद और अपार स्नेह मिला है, उसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। कहीं माताओं-बहनों ने आरती उतारकर स्वागत किया, कहीं युवाओं ने उत्साह के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया, कहीं बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया, तो कहीं बच्चों ने अपनी मुस्कान और झांकियों से हमारा मन जीत लिया। हर गाँव, हर समाज और हर परिवार ने जिस आत्मीयता से हमें अपनाया, वह मेरे जीवन की अविस्मरणीय पूँजी है।”
विधायक श्री शुक्ला ने आगे कहा, “मैं बेलतरा के अपने सभी परिवारजनों, मातृशक्ति, युवाओं, बुजुर्गों, सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और इस यात्रा को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आप सभी का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। माँ महामाया के चरणों में यही प्रार्थना है कि सभी परिवारों पर उनकी कृपा बनी रहे, हर घर में सुख-समृद्धि आए और हमारे क्षेत्र में शांति, सद्भाव तथा खुशहाली बनी रहे।”
उन्होंने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा, “बेलतरा की जनता ने इस यात्रा को जिस प्रकार अपना आशीर्वाद दिया है, उसने हमारे विश्वास को और मजबूत किया है। माँ महामाया की कृपा और आप सभी के सहयोग से यह ध्वजा यात्रा हर वर्ष इसी श्रद्धा, भव्यता और सामाजिक समरसता के साथ निकाली जाएगी। यह परंपरा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों को सनातन मूल्यों से जोड़ने का संकल्प है। जय माँ महामाया! जय गिरजाबंध हनुमान!”
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने दी बधाई
यात्रा में सहभागी बनीं पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने आयोजन की भव्यता, श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता और बेलतरा की जनता के उत्साह की सराहना करते हुए विधायक श्री सुशांत शुक्ला तथा समस्त बेलतरा विधानसभा क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा, “बेलतरा विधानसभा में सात दिनों तक जिस श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ ध्वजा यात्रा का आयोजन किया गया, वह अत्यंत सराहनीय है। विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी के नेतृत्व में माँ महामाया के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एकजुट होना हमारी समृद्ध सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर अभिव्यक्ति है। इस आयोजन ने समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य किया है।”
श्रीमती बोहरा ने कहा, “मैं इस सफल और भव्य आयोजन के लिए विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी तथा बेलतरा की समस्त जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देती हूँ। माँ महामाया की कृपा सभी पर बनी रहे, प्रत्येक परिवार सुखी और समृद्ध रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर बढ़ता रहे। जय माँ महामाया!”
जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की रही व्यापक सहभागिता
अंतिम दिवस की यात्रा में विधायक श्री सुशांत शुक्ला के परिवार से धर्मपत्नी श्रीमती छाया शुक्ला एवं बहन श्रीमती श्वेता पांडेय शुक्ला सहित परिवार के सदस्य शामिल हुए।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी,भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण अध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल, भाजपा के जिला महामंत्रीद्वय जनक देवांगन, एस मनहर , नगर पंचायत लव कुश कश्यप,जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक ,उमेश गौरहा,मणीदास ,पवन हरिओम,मोनू रत्नाकर श्रीवास, महामंत्री सहित पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति और हजारों श्रद्धालु यात्रा में सहभागी बने।
सात दिनों तक लगातार चले इस आयोजन में गाँव-गाँव से मिले स्वागत और सहयोग ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। माँ महामाया के दरबार में ध्वजा अर्पण के साथ यात्रा का समापन भले ही हुआ, लेकिन श्रद्धालुओं के मन में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकजुटता की जो भावना जागृत हुई, वह लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी।


