अवैध गौ-मांस के साथ आरोपी सुरेश सोनवानी गिरफ्तार, बेलगहना पुलिस की बड़ी कार्यवाही
बिलासपुर: जिला पुलिस द्वारा अवैध गौ-वध एवं मांस तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, चौकी बेलगहना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 07 किलो गौ-मांस के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

दिनांक 04 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करहीकछार में बिजली ऑफिस के पास रहने वाला सुरेश कुमार सोनवानी अपने घर में गौ-मांस काट रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल तड़के सुबह आरोपी के घर पर रेड की।
मौके पर आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (53 वर्ष) अपने आंगन में बैठकर टंगली (कुल्हाड़ी) से गौ-मांस के टुकड़े करते पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने पशुओं को काटकर मांस सुखाने और संग्रहण की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 07 किलोग्राम मांस और घटना में प्रयुक्त एक टंगली जप्त की है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्यवाही में बेलगहना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।


