सेवा सेतु पोर्टल से दिव्या कुमारी को कुछ ही दिनों में मिला जाति प्रमाण पत्र, सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिली मुक्ति
बिलासपुर/बिल्हा। शासन की ऑनलाइन सेवाएं आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहदा की निवासी दिव्या कुमारी को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन के कुछ ही दिनों में जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने बिल्हा तहसील स्थित सेवा सेतु केंद्र में ऑनलाइन आवेदन किया था।
दिव्या कुमारी ने बताया कि आवेदन करने से लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त होने तक पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सहज रही। उन्हें इसके लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। ऑनलाइन व्यवस्था के कारण उनके समय और श्रम दोनों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। अब जरूरी शासकीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है।
आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। दिव्या कुमारी ने सेवा सेतु पोर्टल की सराहना करते हुए इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।






