बिल्हा (संवाददाता रूपचंद अग्रवाल)।
बिल्हा में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया खाटू नरेश श्याम बाबा का जन्मोत्सव

भव्य निशान यात्रा, आतिशबाजी और श्याम संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु; विशाल भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
नगर के श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में हारे के सहारे खाटू नरेश श्री श्याम बाबा का पावन जन्मोत्सव अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और श्याम प्रेमियों ने बाबा के जयकारों के साथ उत्सव का भरपूर आनंद उठाया।

महोत्सव का शुभारंभ एक भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ, जो नगर के हनुमान कुटिया मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात निकाली गई। सुसज्जित रथ पर विराजमान खाटू वाले श्याम बाबा की मनमोहक झांकी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और अंत में श्याम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुई। यात्रा के दौरान नगर के सर्व समाज के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर बाबा का भव्य स्वागत किया। मार्ग भर श्याम भक्त “तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले…” जैसे सुमधुर भजनों की धुन पर थिरकते, नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते नजर आए। विशेष रूप से अग्रसेन चौक पर हुई शानदार आतिशबाजी का नजारा देखने लायक था, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में रात्रि में भव्य श्याम संकीर्तन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें आमंत्रित भजन गायक काव्या शर्मा, विनय अग्रवाल, निर्मल यादव और खगेश डडसेना ने अपनी सुमधुर व भावपूर्ण गायकी से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रोता देर रात तक झूमने को मजबूर हो गए। इस दौरान बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया तथा भक्तों पर इत्र और फूलों की वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं को श्याम रस के अलौकिक आनंद की अनुभूति हुई।

घड़ी की सुइयों ने जैसे ही रात्रि 12:00 बजाए, पूरा मंदिर परिसर “हारे के सहारे की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्याम मंदिर में केक काटकर, भजनों और ताली संकीर्तन के साथ बाबा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। अगले दिन बारस की पावन ज्योति प्रज्वलित करने के पश्चात बाबा को 56 भोग का महाप्रसाद अर्पित किया गया। इसके उपरांत आयोजित विशाल ‘श्याम रसोई’ (भंडारे) में नगर के सभी वर्गों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रेमपूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस संपूर्ण धार्मिक आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने में श्याम मित्र मंडल के प्रमुख सदस्यों— महेश शर्मा, उमेश शर्मा, प्रभात अग्रवाल, नितिन बिंदल, सीताराम अग्रवाल, मीकू डोरिया, प्रभात शर्मा, हरीश एवं राजीव बजाज सहित समस्त श्याम भक्तों का अत्यंत सराहनीय और सक्रिय योगदान रहा।





