ब्युरो रिपोट जय खटवानी
उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़)। चारामा पुलिस ने मंदिरों की दान पेटी से चोरी करने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5,130 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 एवं 21 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात ग्राम कानापोड़ स्थित त्रिपुरारी महादेव मंदिर तथा ग्राम लखनपुरी स्थित पिपलेश्वर एवं बटकेश्वर मंदिर की दान पेटियों का ताला तोड़कर नगदी चोरी की गई थी। इस संबंध में 21 नवंबर को थाना चारामा में अपराध क्रमांक 250/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही दिलीप शर्मा (उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम लखनपुरी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना चारामा में तीन आपराधिक प्रकरण एवं पांच प्रतिबंधात्मक मामले दर्ज हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उप निरीक्षक सोनराज सूर्यवंशी, म.प्र.आर. 450 सुमति गोटी और आरक्षक योगेश्वर उईके की सराहनीय भूमिका रही।





