ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
ऑपरेशन रेल प्रहरी” के तहत RPF नागपुर की त्वरित कार्रवाई, डोंगरगढ़ चोरी कांड के दो फरार आरोपी गोंदिया में गिरफ्तार |
रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता एवं स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय से गाड़ी से दबोचे गए वांछित आरोपी, 19.44 लाख की चोरी मामले में थी तलाश |
दपूमरे, नागपुर मंडल – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन रेल प्रहरी” के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता एवं स्थानीय पुलिस के साथ उत्कृष्ट समन्वय के परिणामस्वरूप चोरी के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल परिसरों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु लगातार चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 03.05.2026 को RPF मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, नागपुर को सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 22847 मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में डोंगरगढ़ (छत्तीसगढ़) थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 222/2026, धारा 303(2) BNS दिनांक 02.05.2026 के तहत चोरी के मामले के दो फरार आरोपी यात्रा कर रहे हैं।
सूचना प्राप्त होते ही नियंत्रण कक्ष द्वारा तत्काल उच्च अधिकारियों, ट्रेन में तैनात रेल सुरक्षा बल अनुरक्षण दल एवं रेल सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया को सूचित किया गया। गाड़ी के गोंदिया स्टेशन पहुंचने पर रेल सुरक्षा बल पोस्ट प्रभारी के निर्देशन में सहायक उप-निरीक्षक रोशन कुमरे, प्रधान आरक्षक प्रवीण दुबे, आरक्षक राजुकुमार तथा स्थानीय पुलिस थाना बोरतलाब के अधिकारियों एवं स्टाफ के संयुक्त प्रयास से कोच संख्या B-5, सीट संख्या 17 से दोनों आरोपियों—सरीफ खान एवं अमित केशरी—को हिरासत में लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों को रेल सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया लाकर स्थानीय पुलिस थाना बोरतलाब के प्रभारी श्री अवनीश कुमार श्रीवास्तव को सूचित किया गया। पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि दोनों आरोपी लगभग 19.44 लाख रुपये मूल्य की चोरी के मामले में वांछित थे। तत्पश्चात आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु आरोपियों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा रेल सुरक्षा बल की तत्परता एवं सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा जताई गई।
रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि रेल यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, संबंधित रेलवे स्टाफ अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


