कैमरामैन सार्थक आडवानी
सड़क हादसे में मानवता की मिसाल: चकरभाटा के युवाओं ने घायल पूर्व महाप्रबंधक को पहुँचाया अस्पताल, तत्परता की क्षेत्र में सराहना
कोरबा/कटघोरा:कोरबा-चोटिया मार्ग पर हाल ही में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के दौरान मानवीय संवेदनाओं की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली। चकरभाटा निवासी नवीन गोस्वामी और उनके मित्रों ने दुर्घटना का शिकार हुए SECL गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक (GM) अरुण कुमार त्यागी की मदद कर इंसानियत का परिचय दिया।

क्या है पूरा मामला?
अंबिकापुर से वापसी के दौरान नवीन गोस्वामी और उनके साथी जब कोरबा-चोटिया मार्ग से गुजर रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे एक कार को दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए नवीन और उनके मित्रों ने एक पल की भी देरी नहीं की। एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय, उन्होंने घायल अरुण कुमार त्यागी को अपनी निजी कार में बैठाया और तत्काल कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे।
मानवता के नाते निभाई जिम्मेदारी
नवीन गोस्वामी ने बताया कि हादसे का दृश्य अत्यंत विचलित करने वाला था। उन्होंने कहा:
उस वक्त हमारे मन में केवल एक ही बात थी कि किसी भी तरह घायल व्यक्ति की जान बचाई जाए। इंसानियत के नाते हमने अपना फर्ज समझा और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया।”
अंतिम समय तक किया प्रयास
समय पर अस्पताल पहुँचाने के कारण श्री त्यागी को प्राथमिक उपचार मिल सका, जिसके बाद उनके परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल लेकर गए। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
नवीन और उनके साथियों को इस बात का गहरा अफसोस है कि उनके तमाम प्रयासों और तत्परता के बावजूद श्री त्यागी की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्र के नागरिकों ने नवीन गोस्वामी और उनके मित्रों के इस निस्वार्थ प्रयास की प्रशंसा की है। उनकी इस सक्रियता ने यह संदेश दिया है कि आज भी समाज में मानवता जीवित है।


