सीपत में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
सीपत:खमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक रिहायशी इलाके में बीते रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों ने बेहद सफाई से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार बीती 18 मई को अपनी बड़ी दीदी के घर आयोजित एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। घर पर कोई मौजूद नहीं था। आज यानी 19 मई की दोपहर जब परिवार वापस लौटा, तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।

अंदर जाकर देखने पर पता चला कि चोरों ने बेडरूम में रखी दो अलमारियों और लॉकर का ताला भी तोड़ दिया था। अलमारी के भीतर रखे सारे सोने-चांदी के कीमती गहने और लाखों रुपये कैश गायब थे। पीड़ित परिवार ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
परेशान पीड़ित की शिकायत पर सीपत थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।


