बाइक हटाने के विवाद पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एमपी से पकड़ाया एक आरोपी
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र के अंतर्गत मोटर सायकल हटाने की बात पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 24 मई 2026 की रात मोहम्मद बाजार की है, जहाँ बाइक हटाने के विवाद पर आरोपियों ने प्रार्थी अयन पाटले के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके भाई अमन पाटले पर भी आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के महूरी क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी निर्मल पासी (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो अपना मोबाइल बंद कर छिपा हुआ था। वहीं, दूसरे आरोपी शिवम पासी (25 वर्ष) को उसके निवास स्थान लालखदान से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 270/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


