सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ₹1,50,000 के जेवरात बरामद
बिलासपुर: थाना सिरगिट्टी पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले मुख्य आरोपी विशाल अग्रवाल और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार राजेश सोनी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹1,50,000 मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
घटना के अनुसार, प्रार्थी 13 मई 2026 को अपने तिफरा स्थित मकान में ताला लगाकर राजिम गया था। 19 मई को पड़ोसियों से ताला टूटने की सूचना मिलने पर वापस आकर देखा, तो अलमारी से जेवरात गायब थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 367/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ‘मिशन सिक्योर सिटी’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मुख्य आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले सरकण्डा निवासी सुनार राजेश सोनी को भी गिरफ्तार कर जेवरात (कान के टॉप्स, मांग टीका, अंगूठी) जप्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


