छत्तीसगढ़: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपियों—मुकेश कुमार दास (बिहार), केशव साव (रायगढ़), संदीप कुमार चंद्रा और शिशिर राठौर (सक्ती) को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी एक महिला की शिकायत पर की गई, जिनसे अधिक मुनाफे का झांसा देकर 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। पुलिस की तकनीकी और बैंकिंग जांच में सामने आया कि इस गिरोह के तार देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े हैं।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के अनुसार, मुख्य आरोपी मुकेश के खातों के खिलाफ देशभर में 13 और संदीप के खिलाफ 5 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों के बैंक खातों में लगभग 8 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का पता चला है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केशव साव के खाते में 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में 1 लाख रुपये होल्ड कराए हैं।
आईजीपी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में रेंज साइबर थाना पुलिस ने इस अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।


