फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना सिरगिट्टी पुलिस ने फल दुकान संचालक पर जानलेवा हमला करने वाले शातिर आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32 वर्ष) को रायपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटना का विवरण:
दिनांक 07.06.2026 की रात्रि लगभग 09:30 बजे, प्रार्थिया ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू ने हत्या की नीयत से पीछे से पकड़कर मनीष पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/2026, धारा 103, 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
हमले का कारण:
थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में गठित टीम की विवेचना में सामने आया कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसे मनीष ने ग्राम सैदा में रखा हुआ था। इसी आक्रोश के चलते आरोपी ने इस जानलेवा घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को रायपुर से दबोच लिया।


