हीरा चावराइ की रिपोर्ट
केबल वायर चोरी मामले में फरार चल रहे पति-पत्नी गिरफ्तार, तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा
तिल्दा-नेवरा। दाऊजी फार्म्स प्रा. लि. तुलसी नेवरा से कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल वायर चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को तिल्दा-नेवरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी पति-पत्नी बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया।

थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जितेन्द्र शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दाऊजी फार्म्स प्रा. लि. तुलसी नेवरा से अज्ञात आरोपियों द्वारा कॉपर एवं एल्युमिनियम केबल वायर चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 66/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 331(3), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में इस चोरी की घटना में शामिल आरोपी सूरज देवार पिता टिंगली देवार उम्र 20 वर्ष, श्रीमती रूपा देवार पति सूरज देवार उम्र 28 वर्ष एवं श्रीमती आपा देवार पति स्व. राजा देवार उम्र 25 वर्ष, सभी निवासी दलाल तालाब के पास तिल्दा को गिरफ्तार किया था। वहीं इनके सहयोगी आरोपी भकानंद उर्फ किशन देवार एवं उसकी पत्नी आरती देवार उर्फ कजनीन देवार घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 08 जून 2026 को घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी —
- भकानंद उर्फ किशन देवार पिता नटवर देवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी दलाल तालाब तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छ.ग.)
- श्रीमती आरती देवार उर्फ कजनीन देवार पति भकानंद उर्फ किशन देवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी दलाल तालाब तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छ.ग.)
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कहा कि चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


