शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने वाला 5,000 रुपये का इनामी आरोपी नागपुर से गिरफ्तार
बिलासपुर:वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस ने महिला संबंधी अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पिछले 3 महीने से फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी अजय कुमार बघेल (26 वर्ष, निवासी पौसरा, कोनी) को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले चार साल से शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। अप्रैल 2025 में पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। बाद में सामाजिक तौर पर शादी का आश्वासन देने के बावजूद आरोपी अपने वादे से मुकर गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 383/2026, धारा 69 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
लगातार फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नागपुर के एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स से घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, उपनिरीक्षक अमृत लाल साहू व टीम की मुख्य भूमिका रही।


