हीरा चावराइ
नाबालिग बालिका से दुष्कर्म मामले में नया मोड़: ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में दो और आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म आरोपियों को डराकर मामला सार्वजनिक करने की धमकी देकर रकम वसूलने का आरोप, पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर
सिलयारी/रायपुर। चौकी सिलयारी क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका से जुड़े दुष्कर्म प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस को कई नए और गंभीर तथ्य मिले हैं। मामले में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद जहां पूर्व में संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, वहीं विवेचना के दौरान ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला भी सामने आया है।

पुलिस जांच में पता चला कि दुष्कर्म प्रकरण को सार्वजनिक करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर कुछ लोगों द्वारा आरोपी पक्ष से रकम की मांग की जा रही थी। इस मामले में पूर्व में बालिका के दादा सहित अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। आगे की जांच में पुलिस को तीन और लोगों की संलिप्तता से जुड़े तथ्य मिले।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा दुष्कर्म मामले के आरोपियों और उनके परिजनों को लगातार फोन कर तथा घर जाकर दबाव बनाया जा रहा था। मामला उजागर करने की धमकी देकर नगद और डिजिटल माध्यम से राशि लेने की बात भी विवेचना में सामने आई।
जानकारी के मुताबिक 28 मई 2026 को मोहम्मद उस्मान सैफी जो कि एक संस्था निजी चैनल का युटुबर पत्रकार जो अपनी क्रेटा कार क्रमांक CG-10-AH-5024 से सूरज सिंह ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति के साथ दुष्कर्म प्रकरण के आरोपियों के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उन्होंने परिजनों को धमकाते हुए कहा कि मांग के अनुसार राशि नहीं देने पर मामला खबर बनाकर सार्वजनिक कर दिया जाएगा और जेल भिजवा दिया जाएगा। इसके बाद सौदेबाजी कर रकम लेने की बात जांच में सामने आई।
पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) सहित अन्य धाराएं जोड़ी हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी —
- सूरज सिंह ठाकुर, पिता किरण सिंह ठाकुर, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सिलयारी, धरसींवा, जिला रायपुर।
- मोहम्मद उस्मान सैफी, पिता रहमान सैफी, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम सिलयारी, धरसींवा, जिला रायपुर।
पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।


