बिलासपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: जूनापारा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। चौकी जूनापारा (थाना तखतपुर) के ग्राम बांसाझाल भाठाखार के एक खेत में मिली भुवन सिंह ध्रुव की लाश के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के दिशानिर्देशन तथा एएसपी श्रीमती मधूलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी अशोक श्रीवास (45 वर्ष, निवासी मनपहरी) को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या का कारण और घटनाक्रम:
पुलिस के अनुसार, मृतक भुवन सिंह ने 20-25 दिन पहले अपनी जमीन बेची थी। रुपयों के लालच में आकर आरोपी अशोक श्रीवास ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं। दिनांक 13/06/2026 को आरोपी भुवन सिंह को अपने ऑटो (CG10 BN 1761) में बैठाकर जंगल ले गया और वहां उसे शराब पिलाई। इसके बाद वह भुवन को बांसाझाल के पास एक सुनसान खेत में ले गया। जब भुवन ने रुपये देने से मना किया, तो आरोपी ने उसके सीने पर 3 से 4 किलो भारी पत्थर से दो-तीन बार वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई व जब्ती:
घटना के बाद से फरार आरोपी को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों की मदद से 20/06/2026 को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के पास से लूटे गए 41,500/- रुपये, घटना में प्रयुक्त ऑटो और पत्थर बरामद कर लिया गया है। इस अंधे कत्ल को सुलझाने में जूनापारा चौकी और रतनपुर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



