सकरी पुलिस द्वारा कोयला चोरी और हेराफेरी मामले में शामिल फरार आरोपी अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना का विवरण
10 जून 2026 को प्रार्थी आर.के. पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीपका कोल माइन्स से ‘भाटिया एनर्जी एण्ड कोल बेनिफिकेशन प्रा.लि. लोखंडी’ के लिए उच्च गुणवत्ता (एफ/जी ग्रेड) का कोयला मंगवाया गया था। जब तीन ट्रेलर (CG10BQ8285, CG12BL6247, CG12BL6251) प्लांट पहुंचे, तो लैब जांच में कोयला तय ग्रेड का नहीं पाया गया।
आपराधिक षड्यंत्र और पूर्व गिरफ्तारियां

वाहन चालकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि ‘बालाजी कोल ट्रेडिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन’ के संचालक और प्लांट सुपरवाइजर ने मिलकर एक आपराधिक षड्यंत्र रचा था। उन्होंने रास्ते में असली कोयला चोरी कर उसमें मिलावट कर दी थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही तीन ड्राइवरों (आशिक हुसैन, फैजान रजा, फुजैल अंसारी) और तीन अन्य सहयोगियों (गौरव राजपूत, सीबू खान, दिलीप कुमार यादव) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फरार आरोपी गिरफ्तार
इस साजिश में शामिल मुख्य आरोपी अजय कुमार सिंह (उम्र 36 वर्ष, निवासी कोनी, बिलासपुर) घटना के बाद से फरार चल रहा था। सकरी पुलिस ने कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 116(3), 117(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।



