नशीले पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का प्रहार; 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर:मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिविल लाईन पुलिस ने उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर गांजा तस्करी कर रहे एक पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.405 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹6,25,000/-) और 04 नग मोबाइल जब्त किए गए हैं।

घटना का विवरण:
दिनांक 26-06-2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदेही एक छोटे बच्चे और ट्रॉली बैग के साथ बिलासपुर से उस्लापुर रेलवे स्टेशन की ओर आ रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने उस्लापुर स्टेशन के लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास दबिश दी। हुलिए के आधार पर संदेही प्रकाश नायक (41 वर्ष), नेहा सिंह (34 वर्ष) (दोनों निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा) और अर्चना सिंह (27 वर्ष, निवासी जांजगीर-चांपा) को रोका गया।
उनके आसमानी ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर खाकी प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए 11 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और मोबाइल जप्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
