बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, बिल्हानगर में बच्चों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’

बिल्हानगर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर उन्हें कुपोषण और अपंगता से मुक्त रखने का एक बड़ा बेड़ा उठाया है। इसी कड़ी में आज बिल्हानगर के वार्ड नंबर 12 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में इस राष्ट्रीय अभियान का गरिमामय शुभारंभ किया गया।

वार्ड नंबर 12 के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रोहिणी अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने देश के भविष्य यानी नौनिहालों को अपने हाथों से पोलियो की दवा पिलाकर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन नन्हे बालक रुद्रांश अग्रवाल और बालिका जानवी अग्रवाल को पल्स पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर कार्यक्रम का आगाज किया गया।

इस अवसर पर रोहिणी अग्रवाल ने उपस्थित पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य ही हमारे समाज की असली पूंजी है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह मुहिम हर बच्चे को सुरक्षा कवच प्रदान करने की है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे अपने 3 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया।
