उमा खरे की खास खबर
ग्राम पंचायत चोरभट्ठी खुर्द में विकास कार्य ठप: कीचड़ और गंदगी से ग्रामीण बेहाल, सरपंच मौन
चोरभट्ठी खुर्द:ग्राम पंचायत चोरभट्ठी खुर्द में ग्रामीणों की समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूरा गांव इस समय गंदगी और प्रशासनिक उदासीनता की मार झेल रहा है। गांव की नालियां कचरे से पूरी तरह पटी पड़ी हैं, जिससे पानी रास्तों पर बह रहा है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं; पूरी गली कीचड़ के समंदर में तब्दील हो चुकी है, जिससे साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है।


ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में किसी की मृत्यु हो जाने पर अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाना भी दूभर हो गया है। घुटनों तक भरे कीचड़ के कारण चार लोग ठीक से कंधा देकर चल भी नहीं पा रहे हैं। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
जनता का कहना है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर सरपंच श्रीमती विजयलक्ष्मी पांडे के पास जाते हैं, तो वे उनकी बात सुनने को तैयार नहीं होतीं। सेंट जेवियर्स स्कूल में शिक्षिका होने के कारण सरपंच महोदया के पास ग्रामीणों की समस्याओं के लिए वक्त ही नहीं है। जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दखल देकर गांव को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
