शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बिलासपुर। बिलासपुर के थाना तोरवा पुलिस ने शादी का झूठा झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता बिलासपुर के एक पेट्रोल पंप पर काम करती थी, जहाँ उसकी पहचान आरोपी सागर राठौर (19 वर्ष), निवासी नवापारा (गौरेला) से हुई। आरोपी ने पीड़िता को विश्वास में लेकर शादी का झूठा आश्वासन दिया और लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी द्वारा विवाह से मुकर जाने पर पीड़िता ने थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना तोरवा क्षेत्र की थी, इसलिए ‘शून्य’ पर अपराध दर्ज कर मामला थाना तोरवा स्थानांतरित किया गया। दिनांक 01.07.2026 को थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ।

महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल गौरेला रवाना हुई। पुलिस ने आरोपी सागर राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को आज दिनांक 02.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
