भाजपा की एल्डरमैन सूची में एक भी महिला को जगह न मिलना महिलाओं का घोर अपमान: सिद्धांशु मिश्रा
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली भाजपा का दोहरा चरित्र आया सामने: कांग्रेस जिलाध्यक्ष
बिलासपुर।भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में जारी की गई एल्डरमैन की सूची को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने भाजपा सरकार की इस सूची पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि बिलासपुर जैसे प्रमुख शहर में एक भी महिला को एल्डरमैन के रूप में स्थान न देना देश की आधी आबादी का घोर अपमान है। यह भाजपा के कथनी और करनी के अंतर को साफ उजागर करता है।

श्री मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा:
“एक तरफ भाजपा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे लोक-लुभावन नारे देती है और महिला आरक्षण बिल के नाम पर ढिंढोरा पीटती है, वहीं दूसरी तरफ जब महिलाओं को वास्तविक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें प्रतिनिधित्व देने की बात आती है, तो पार्टी उन्हें दरकिनार कर देती है। धरातल पर भाजपा का महिलाओं के प्रति यह उपेक्षापूर्ण रवैया उनके दोहरे चरित्र को प्रदर्शित करता है।”
कांग्रेस ने हमेशा दिया महिलाओं को सर्वोच्च स्थान
प्रेस नोट में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने देश और प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी का गौरवशाली इतिहास रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में रखा है। उन्होंने याद दिलाया कि:
कांग्रेस ने ही देश को पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में श्रीमती इंदिरा गांधी दीं।
देश की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल को बनाने का गौरव भी कांग्रेस को जाता है।
देश की प्रथम महिला सांसद और प्रथम महिला विधायक से लेकर बिलासपुर की पहली महिला महापौर श्रीमती वाणी राव को भी कांग्रेस पार्टी ने ही मौका देकर महिलाओं का मान बढ़ाया था।
सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि आज भाजपा की सूची से महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। बिलासपुर की जनता भाजपा के इस महिला-विरोधी रवैये को देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।



