पिता से मारपीट व जान से मारने की धमकी देकर संपत्ति हड़पने का आरोपी बेटा गिरफ्तार; कार व लोहे का गंडासा जब्त
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने ही पिता के साथ बेरहमी से मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और जबरन संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने वाले कलयुगी बेटे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक फॉक्स कार और धारदार लोहे का गंडासा बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 07.07.2026 को प्रार्थी प्रकाश केसरी (निवासी राजकिशोर नगर, सरकंडा) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा विवेक केसरी (उम्र 34 वर्ष, निवासी दयालबंद) कोई काम-धंधा नहीं करता और नशे का आदी है। आरोपी अक्सर संपत्ति अपने नाम कराने के लिए प्रार्थी को प्रताड़ित करता था। दिनांक 06.07.2026 की शाम करीब 6:00 बजे आरोपी अपनी कार से प्रार्थी के घर पहुंचा और संपत्ति के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी ने लोहे का गंडासा निकालकर जान से मारने की नीयत से उन्हें दौड़ाया। प्रार्थी ने सड़क पर भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट में बुजुर्ग पिता की पीठ और पसली में गंभीर चोटें आई हैं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1015/2026, धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस (BNS) एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बसंत विहार चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी विवेक केसरी को कार सहित हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपी की फॉक्स कार (क्रमांक CG-10 BP-220) और लोहे का गंडासा जब्त किया। आरोपी को आज माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिलासपुर के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



