ब्युरो रिपोट हीरा चावराई
संत निरंकारी मिशन: तिल्दा नेवरा में 12 जुलाई को भव्य महिला निरंकारी संत समागम का आयोजन
तिल्दा नेवरा। संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में पूज्य सिन्धी पंचायत भवन, तिल्दा नेवरा में दिनांक 12 जुलाई 2026 (रविवार) को एक दिवसीय भव्य जोन स्तरीय ‘महिला निरंकारी संत समागम’ का आयोजन होने जा रहा है। यह समागम दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

इस विशेष समागम में मुख्य वक्ता के रूप में कानपुर (उत्तर प्रदेश) से पधार रहीं सुप्रसिद्ध प्रचारक आदरणीय बहन ज्योति वर्त्यांनी जी की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। बहन जी वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का पावन मानव कल्याण एवं विश्व बंधुत्व का संदेश लेकर नगर में पधार रही हैं। समागम के दौरान भक्त बहनों द्वारा भक्ति, मानवता और समाज कल्याण के विषयों पर आधारित अनेक प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
तिल्दा ब्रांच के मुखी आदरणीय सुंदरदास जी ने नगर एवं आसपास के सभी प्रभु-प्रेमियों और धर्मप्राण जनता को इस दिव्य सत्संग में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक लाभ उठाने का भावभीना आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस समागम में प्रदेश के विभिन्न जिलों व क्षेत्रों जैसे बलोदाबाज़ार, भाटापारा, रायपुर, धमतरी, महासमुंद, राजिम, भुमका, कोलिहा और कौशलपुर आदि स्थानों से भारी संख्या में श्रद्धालु और प्रभु प्रेमी पहुंच रहे हैं।
मानव सेवा और व्यवस्था में जुटा सेवादल
समागम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संत निरंकारी सेवादल के भाई और बहनें पूरी निष्ठा के साथ तन-मन से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि संत निरंकारी मिशन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के दिव्य कुशल निर्देशन में वर्षों से समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। मिशन द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और जल स्रोतों की सफाई जैसे लोक-कल्याणकारी कार्य पूरे उत्साह से किए जाते हैं। मिशन का मानना है कि एक सच्चा गुरसिख भक्ति के मार्ग पर चलते हुए गुरु की इच्छानुसार समाज की सेवा को ही अपना परम धर्म मानता है।



