बिलासपुर पुलिस की अनूठी पहल: तखतपुर में छात्राओं के लिए “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन
कलेक्टर संजय अग्रवाल और डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश; शैक्षणिक सामग्री का हुआ वितरण

बिलासपुर।पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा जन-जागरूकता के लिए लगातार ‘चेतना अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नागरिक संगठनों के विशेष सहयोग से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तखतपुर में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृहद “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल विशिष्ट अतिथि डीआईजी-एसएसपी श्री रजनेश सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की।

मुख्य बातें और अतिथियों के संदेश:
- वैज्ञानिक दृष्टिकोण और स्वच्छता पर जोर: कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म के वैज्ञानिक पहलुओं, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य व प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर झिझक मिटाना जरूरी है।
- स्वास्थ्य और अनुशासन ही जीवन का आधार – कलेक्टर: कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने किशोरियों को सही जानकारी अपनाने और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
- निडर और आत्मविश्वासी बनें छात्राएं – डीआईजी-एसएसपी: डीआईजी-एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वासी, सजग एवं निर्भीक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग सदैव उनकी सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
- यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक: एएसपी (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को यातायात पुलिस बिलासपुर का ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनते हुए इन नियमों को समाज में प्रसारित करने का आह्वान किया।
- सकारात्मक सोच की आवश्यकता – डॉ. पूजा मक्कड़: नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने कहा कि स्वस्थ एवं शिक्षित बेटियां ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने इस विषय पर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने पर बल दिया।
शैक्षणिक सामग्री का वितरण एवं सम्मान:
कार्यक्रम के दौरान मिडिल स्कूल की छात्राओं को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कॉपी, पेन, पेंसिल सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही, उत्कृष्ट योगदान देने वाली छात्राओं, संस्था प्रमुखों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने भी विशेषज्ञों से खुलकर स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रम में आर्यन फिल्म एवं पूर्व यातायात एसआई श्री उमाशंकर पाण्डेय ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर पार्षद पूजा बबलू गुप्ता, परमजीत कौर हुरा, बलीराम सूर्यवंशी, रश्मि मिश्रा, मिनाज खान, देवहूती कुंजाम, मीनाक्षी शर्मा, कामिनी गुप्ता, पारुल यादव, अमोद एक्का, अंकित विश्वकर्मा, महेश्वरी सिन्हा सहित विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्री जितेंद्र शुक्ला द्वारा किया गया।



