संभागीय ब्युरो सूरज वाधवानी
वरिष्ठ भाजपा नेता व विधायक धरमलाल कौशिक को मिला “उत्कृष्ट विधायक सम्मान 2025”, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और क्षेत्र की जनता के प्रति जताया आभार
बिलासपुर/रायपुर:छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा बिल्हा विधानसभा के माननीय विधायक श्री धरमलाल कौशिक जी को वर्ष 2025 के “उत्कृष्ट विधायक सम्मान” से नवाजा गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर श्री कौशिक ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की है।

जनता के मुद्दों को उठाने का मिला प्रतिफल
सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि विधानसभा में छत्तीसगढ़ प्रदेश से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से उठाने के उनके प्रयासों को जो सम्मान मिला है, वह उनके लिए गौरव का विषय है।
बिल्हा की देवतुल्य जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित किया सम्मान
श्री कौशिक ने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अपने क्षेत्र की जनता को देते हुए कहा:
मैं इस सम्मान को केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता। यह बिल्हा विधानसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता, मेरे सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों के अटूट विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का सम्मान है। आप सभी के सहयोग ने ही मुझे सदैव सदन में जनता की आवाज़ को मजबूती से बुलंद करने का संबल दिया है।“
जनहित की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
उन्होंने छत्तीसगढ़ और अपने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विधानसभा में बिल्हा सहित समूचे छत्तीसगढ़ के जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जनकल्याण के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने अंत में कहा कि जनता का यही स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
श्री कौशिक को यह सम्मान मिलने पर बिल्हा विधानसभा सहित पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी हर्ष का माहौल है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।



