रानी गाँव में उप-स्वास्थ्य केंद्र न होने से ग्रामीण बेहाल, ग्रामीणों ने की स्वास्थ्य केंद्र खोलने की माँग
रतनपुर रानी गाँव:ग्राम पंचायत रानी गाँव में आज तक उप-स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना न होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को गंभीर स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ रहा है। गाँव की आबादी 5000 से भी अधिक हो चुकी है, लेकिन बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में पूरा गाँव रामभरोसे है।

स्वास्थ्य केंद्र न होने का सबसे खमियाजा प्रसव पीड़ित महिलाओं को भुगतना पड़ता है, जिन्हें आपातकालीन स्थिति में भारी तकलीफ उठानी पड़ती है। सामान्य व छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी ग्रामीणों को रतनपुर भागना पड़ता है। वहीं, गंभीर बीमारी या रात के समय अचानक तबीयत बिगड़ने पर मरीजों को बिलासपुर रेफर करना पड़ता है। बिलासपुर की दूरी अधिक होने के कारण अस्पताल पहुँचते-पहुँचते मरीज की हालत बेहद नाजुक हो जाती है, जिससे कई बार जान का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे इस विकट समस्या से निजात पाने के लिए सरपंच के लेटर पैड के माध्यम से शासन-प्रशासन को कई बार लिखित आवेदन सौंप चुके हैं। समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि 5000 की आबादी और आपातकालीन रात्रिकालीन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रानी गाँव में जल्द से जल्द एक उप-स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किया जाए, ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके और किसी की जान जोखिम में न पड़े



