प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना: ग्राम पंचायत रानीगांव में छूटे हुए नामों को जोड़ने के लिए उमड़ी हितग्राहियों की भीड़, आज दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि
कोटा/रानीगांव:ग्राम पंचायत रानीगांव (जनपद पंचायत कोटा) में प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत जारी हितग्राही सूची का प्रकाशन (जसपा) पंचायत भवन के नोटिस बोर्ड पर कर दिया गया है। सूची जारी होने के बाद जिन ग्रामीणों के नाम इस लिस्ट में छूट गए हैं, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ भारी संख्या में पंचायत भवन पहुँच रहे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सरपंच प्रतिनिधि श्री रुपेश कोरी ने बताया कि प्रशासन द्वारा जारी सूची को पारदर्शिता के साथ ग्रामीणों के देखने के लिए प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पात्र हितग्राहियों के नाम सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, वे तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) या संबंधित पटवारी से मिलकर अपनी समस्या का त्वरित निराकरण करा सकते हैं।
श्री कोरी ने आगे बताया कि योजना के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि आज, 17 जुलाई 2026 निर्धारित है। समय सीमा बेहद कम होने के कारण ग्राम पंचायत स्तर पर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। पंचायत का पूरा प्रयास है कि गाँव के प्रत्येक छूटे हुए पात्र हितग्राही का आवेदन समय पर भरवाया जा सके, ताकि कोई भी नागरिक अपने भूमि स्वामित्व के अधिकार से वंचित न रहे।



