अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी: सीपत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्यारोपी महिला को किया गिरफ्तार
आरोपिया: उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष), निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत।
कार्रवाई: गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
बिलासपुर/सीपत दिनांक 29.07.2026 को सूचक दुर्गा प्रसाद पटेल द्वारा चंद्रप्रकाश पटेल का शव उसके घर की कोला-बाड़ी में पड़े होने की सूचना पर थाना सीपत में मर्ग कायम किया गया। ‘सीन ऑफ क्राइम’ टीम व पुलिस द्वारा घटनास्थल निरीक्षण और पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत के साथ पिछले दो वर्षों से संबंध था और घटना के दिन वह मृतक के घर आई थी।

संदेही उर्वसी दास को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के दिन मृतक चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था और गाली-गलौच कर रहा था। विवाद बढ़ने पर जब मृतक ने उसका गला दबाने की कोशिश की, तो प्रतिशोध में उर्वसी दास ने भी चंद्रप्रकाश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपिया शव को बाड़ी में छोड़कर अपनी स्कूटी (CG 18 A 2182) से फरार हो गई थी। सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



