ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
राष्ट्रीय एकता दिवस पर बिलासपुर मंडल में निकाली गई प्रभातफेरी, रेलकर्मियों ने ली एकता एवं अखंडता की शपथ
मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ।
बिलासपुर – 31 अक्टूबर 2026 लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज 31 अक्टूबर को बिलासपुर मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रभातफेरी एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत प्रातः 07 बजे एनईआई प्रांगण से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सौहार्द का संदेश देते हुए प्रभातफेरी निकाली गई, जो मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। प्रभातफेरी में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस तथा रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर रेलकर्मियों ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने, सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं दूरदर्शी विचारों का अनुसरण करने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा एवं एकता को सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री जे.एस. मीना, श्री के श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अंशुमान मिश्रा सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।



