लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने किया पौधारोपण; ‘एक पेड़ एक जिंदगी’ का दिया संदेश
बिलासपुर। डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ‘पर्यावरण’ के अंतर्गत लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा “एक पेड़ एक जिंदगी” एवं “एक पेड़ स्वयं के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वसुंधरा परिवार ने कोनी स्थित कमिश्नर कार्यालय परिसर तथा कोनी पुलिस थाना में 30 से अधिक छायादार एवं आयुर्वेदिक पौधे रोपे। इनमें मुख्य रूप से आंवला, करंज, अर्जुन, जामुन, सेमर, शीशम और नीम जैसे उपयोगी पौधे शामिल रहे।
संरक्षण योग्य स्थानों पर प्राथमिकता
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सदस्यों ने कहा कि वातावरण को स्वच्छ व संतुलित बनाए रखने के लिए केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं, बल्कि उनका उचित रखरखाव और संरक्षण भी बेहद आवश्यक है। इसी सोच के साथ क्लब ऐसी जगहों का चयन कर रहा है जहाँ पौधों की देखभाल नियमित और सही ढंग से हो सके।

पर्यावरण की रक्षा ही आने वाली पीढ़ी का सुरक्षित भविष्य है। वसुंधरा परिवार का लक्ष्य हर रोपे गए पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करना है।”
पूर्व कार्य एवं भावी योजनाएं
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा इससे पूर्व भी ग्राम पोंसरा एवं सोन गंगा कॉलोनी, लोखंडी में पौधारोपण का सफल आयोजन किया जा चुका है। आगामी योजना के तहत बिलासपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूल एवं कॉलेज परिसरों में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने की तैयारी की गई है।

जोन चेयरपर्सन डॉ. रश्मि लता मिश्रा ने क्लब की इस सराहनीय पहल और पर्यावरण के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा की पदाधिकारियों ने स्वयं के नाम से एक-एक पौधा लगाकर समाज को प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं:
- पीएमजेएफ संजना मिश्रा (अध्यक्ष)
- मंजू मिश्रा (सचिव)
- गायत्री कश्यप (कोषाध्यक्ष)
- अर्चना तिवारी (रीजन चेयरपर्सन)
- सलमा बेगम (क्लब डायरेक्टर)



